‘सुहानी सी एक लड़की’ धारावाहिक में बतौर सुहानी का किरदार निभाने वाली जिले की राजश्री रानी को देखकर ग्रामीण बच्चों के चेहरे पर चमक आ गई। गुरुवार को सुहानी महादेव प्रसाद इंटर कालेज एकारी में छात्र-छात्राओं से मिलकर उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इसके बाद उन्होंने स्कूल परिसर में पौधारोपण किया।
दोपहर बाद जैसे ही सुहानी स्कूल पहुंची तो लोगों का तांता लग गया। सब लोग उनकी एक झालक पाने को उतावला था। वहां पर किसी ने आटोग्राफ की अपील की तो किसी ने सेल्फी की। सुहानी ने किसी को निराश नहीं किया। उन्हाेंने सभी के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई और लोगाें को खूब आटोग्राफ भी दिए। उनके पिता कवि विष्णु शुक्ल ने भी कविताएं पढ़कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। सुहानी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई मन लगाकर करे तभी आपके सपने पूरे हो सके। इसके बाद सुहानी ने बच्चों को फूल वितरित किए। उन्होंने स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। महादेव प्रसाद स्कूल मे पढ़ाने वाली एक शिक्षिका बबिता ने कहा आपने पहचाना मै आपकी राजकीय बालिका इंटर कालेज मे क्लासमेट रही हूं। इस पर उन्हाेंने कहा क्यों नही पहचानूंगी। सुहानी ने कहा जनपद से उनकी बहुत सी यादें जुड़ी हुई है। स्कूल प्रबंधक नरेंद्र मुंशी ने कहा सुहानी के आने से बच्चों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इस मौके पर एसोचैम के जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, श्यामलाल प्रजापति, राकेश कुमार, सुमित सेंगर, आशीष आदि लोग रहे।