फतेहपुर। हाईवे पर सक्रिय बदमाशों ने गुरुवार रात सरिया लदे ट्रक के चालक को बंधक बनाकर लूट लिया। जाम में फंसने पर बदमाश ट्रक छोड़कर भाग निकले।
चालक की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस पहले घटनास्थल को लेकर इधर-उधर घुमाती रही। उसके बाद शुक्रवार रात मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस बदमाशों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
राजस्थान प्रांत अजमेर जिला मंगलेवाल थानाक्षेत्र के जेठाना गांव निवासी मनोज कुमार सरगरा रावत ट्रांसपोर्ट का ट्रक चलाता है। चालक ने बताया कि 24 मई को ट्रक में सरिया लादकर पश्चिम बंगाल से मध्यप्रदेश जा रहा था। उसने 26 मई की रात खागा टोल पार किया था।
करीब 30 किलोमीटर चलने के बाद सदर कोतवाली क्षेत्र हाईवे पर पहुंचा। तभी पीछे से एक सफेद कार सवार चार लोगों ने उसे ट्रक रोकने का इशारा किया। चाकू और बंदूक दिखाकर गोली मारने की धमकी देकर ट्रक रोक लिया।
चालक के हाथ पैर बांधकर एक बदमाश ट्रक चलाने लगा। कुछ देर बाद चालक को नीचे उतारकर ट्रक लेकर भाग निकले। कुछ दूरी पर ट्रक जाम में फंस गया। चालक ने लखनऊ बाईपास चौकी में खबर दी। पुलिस चालक को घटनास्थल की छानबीन में जुट गई।
आसपास बदमाशों की तलाश की गई। सीओ सिटी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि बदमाश जाम में फंसने की वजह से ट्रक छोड़कर भागे हैं। ट्रक लूट के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।