जहानाबाद। मुरली ज्वैवर्स में हुई लाखों की चोरी की वारदात को लेकर व्यापारियों ने पुलिस व्यवस्था के प्रति नाराजगी जताई है। व्यापारियों ने कहा कि घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर होमगाड तैनात थे लेकिन इसके बाद भी वारदात हो गई। इससे पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े होते हैं। व्यापारियों ने कहा कि लालूगंज तिराहे पर होमगार्ड की जगह सिपाही तैनात किए जाएं और सुरक्षा का मजबूत प्रबंध किया जाए।
व्यापारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को देखने से यह पता चलता है कि चोर रात में 12 बजे के बाद दुकान में घुसे और करीब डेढ़ से दो घंटे तक उन्होंने घटना को बेखौफ होकर अंजाम दिया। सराफ शैलेंद्र गुप्ता, जमुना सैनी, रवि गुप्ता, राकेश ओमर ने कहा कि बाजार की सुरक्षा व्यवस्था बेहद खराब है। सौ कदम की दूरी पर होमगार्ड थे और डेढ़ से दो घंटे चोर दुकान में मौजूद थे लेकिन किसी को भनक
तक नहीं लगी। व्यापारियों ने कहा कि होमगार्ड की जगह सिपाहियों को पिकेट ड्यूटी पर लगाया जाए। बदमाशों ने पहले भी क्षेत्र के सराफा कारोबारियों को निशाना बनाया है। जहानाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक राकेश पांडेय ने बताया कि मुरली ज्वैलर्स में हुई वारदात के खुलासे के लिए छानबीन चल रही है। एक ई-रिक्शा चालक की तलाश है। जो सीसीटीवी फुटेज में सड़क से निकलता दिख रहा है। कई बिंदुओं पर जांच हो रही है। जल्द खुलासा होगा।
मुरली ज्वैलर्स के मालिक मनोज कुमार ने बताया कि करीब पांच महीने पहले कस्बे का एक अपराधी किस्म का व्यक्ति निबियाखेड़ा जिला कानपुर के एक व्यक्ति के साथ उनकी दुकान पर आया था। दोनों के पास जेवर थे और वह उसे बेचना चाहते थे। शंका होने पर उसने जेवर लेने से मना कर दिया तो उन्होंने दुकान में ही गाली-गलौज शुरू कर दी थी। उसने घटना की शिकायत पुलिस से की थी। जिस पर पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की थी।
सराफ कारोबारी मनोज कुमार की शॉप में हुई चोरी की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक जहानाबाद मदन गोपाल वर्मा, भाजपा से जयंती वर्मा, कैलाश नारायण शर्मा उनसे मिलने पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बुधवार देर रात पुलिस अधीक्षक भी लालूगंज बाजार पहुंचे और करीब 30 मिनट तक उन्होंने घटना की जानकारी ली। कहा कि घटना का खुलासा किया जाए और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर उन्हें रिपोर्ट दें।
घटना को लेकर पुलिस एक ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुटी है। बताया गया कि घटना के समय ई-रिक्शा लालूगंज बाजार से दो बार निकला था और उसमें पुरुष यात्री बैठे थे। इसके कुछ देर बाद वह वापस आया तो उसमें कोई नहीं था। शंका के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।