बिंदकी। बेखौफ चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर नगदी और जेवर पार कर दिए। सुबह जब मोहल्ले के लोगों ने देखा तो इसकी खबर मकान मालिक को दी। वह घर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। पुलिस को तहरीर दी गई है।
छिपहटी मोहल्ला निवासी राजेश कुमार पासवान कानपुर स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करते हैं। उनकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से अपने मायके गई है। इस कारण घर में ताला बंद रहता है। शुक्रवार की सुबह मोहल्ले के लोगों ने ताला टूटा देखा तो इसकी जानकारी राजेश को दी। वह घर पहुंचे। राजेश ने बताया
कि बाहर गेट व दरवाजे पर लगा ताला तोड़ने के बाद चोरों ने अंदर भी अलमारी आदि के ताले तोड़ दिए। चोर डेढ़ लाख की नगदी और इतनी कीमत के ही जेवरात ले गए हैं। इंस्पेक्टर बिंदकी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है।
21 फरवरी को कोरवा गांव में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि फरीदपुर मोड़ से शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे आरोपी अमन
उर्फ धुन्नी निवासी फिरोजपुर थाना बिंदकी को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 2700 रुपये नगद, तीन चांदी के सिक्के, एक जोड़ी सोने की झुमकी, चांदी की एक अंगूठी बरामद हुई है। बता दें कि 21 फरवरी को कोरवा गांव निवासी सगीर के घर में चोरी हुई थी। (संवाद)
ललौली रोड स्थित ओम इलेक्ट्रानिक दुकान के सामने सरकंडी निवासी चंद्र किशोर कुशवाहा ने अपनी बाइक खड़ी की थी। दोपहर में उनकी बाइक किसी ने चोरी कर ली। खोजबीन के बाद जब बाइक नहीं मिली तो उन्होंने कोतवाली में सूचना दी। (संवाद)