बिंदकी। बाइक सवार से लूट के मामले में पुलिस मोबाइल लोकेशन से पड़ताल में जुटी है। हालांकि पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है।
कोतवाली क्षेत्र के तेंदुली गांव निवासी उमाकांत शुक्रवार रात हुसैनगंज थाना क्षेत्र के जरारा गांव अपनी ससुराल जा रहा था। रास्ते में लिफ्ट लेकर बाइक में बैठे बदमाशाें रारी मोड़ पर पहले से मौजूद अपने बाइक सवार दो साथियों संग उमाकांत से लूट की थी। लुटेरे बाइक, मोबाइल और 20 हजार रुपये लूट ले गए थे। इसके बाद मलवां थाना क्षेत्र के चखेड़ी में प्रशांत के साथ घटना हुई। जिसमें ग्रामीणों की मदद से बाइक लेकर भागे एक लुटेरे को पकड़ा जा सका। बाकी दो बाइकों के सवार बदमाश भागने में सफल हो गए। भागे बदमाशों से बिंदकी लूट का कनेक्शन भी पुलिस जांचने में लगी है। पुलिस लूटे मोबाइल का कॉल डिटेल व लोकेशन से जांच में जुटी है। घटना के खुलासे में सर्विलांस, एसओजी, इंटेलिजेंस विंग और कोतवाली की दो टीमें लगी है। पुलिस महरहा रोड बाईपास और मुरादपुर गांव के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।