फतेहपुर। वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया में बदलाव किया है। इस बार जिले में परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करने से पहले डिबार किए गए केंद्रों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। संबंधित विद्यालयों और पक्षों से ऑनलाइन आपत्तियां मांगी जाएंगी। इनका निस्तारण डीआईओएस स्तर से किया जाएगा।
संशोधित प्रक्रिया के तहत जिले के विद्यालयों को परीक्षा केंद्र निर्धारण से जुड़ी आधारभूत सूचनाएं ऑनलाइन अपलोड करनी होंगी। इसके बाद विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन में मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं के आधार पर परीक्षा केंद्रों का चयन किया जाएगा।
डिबार केंद्रों पर विशेष निगरानी
परीक्षा केंद्र निर्धारण में इस बार डिबार किए गए विद्यालयों को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। पूर्व में परीक्षा केंद्र बनाए जाने से प्रतिबंधित विद्यालयों की सूची अंतिम केंद्र निर्धारण से पहले प्रदर्शित की जाएगी। संबंधित विद्यालय या पक्ष किसी तथ्य को लेकर आपत्ति होने पर उसे ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे।
सीसीटीवी और व्यवस्थाओं का होगा सत्यापन
बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाए जाने वाले विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का भी भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसमें परीक्षा कक्ष, फर्नीचर, बिजली, पेयजल, शौचालय समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच होगी। नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरों और अन्य निगरानी व्यवस्थाओं की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नई व्यवस्था से परीक्षा केंद्रों के चयन को लेकर विद्यालयों की आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता बढ़ेगी। डिबार कॉलेजों की सूची पहले सार्वजनिक होने से परीक्षा केंद्र निर्धारण में उनकी स्थिति भी स्पष्ट रहेगी।
- राकेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।