- शराब कारोबारी की पत्नी है भट्ठा मालिक
- भट्ठे से 12 परिवारों को मार्च में टीम ने कराया था मुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
औंग। भट्ठे में मजदूर परिवारों को बंधक बनाने और मजदूरी न देने के मामले में शराब कारोबारी की पत्नी (भट्ठा मालिक) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र के गुधरौली गांव किसान ब्रिक्र फील्ड नामक भट्ठा संचालित होता है। भट्ठा मालिक ललौली बिंदकी रोड निवासी सुधा गुप्ता हैं। उनके पति वेद गुप्ता शराब कारोबारी हैं। भट्ठे के प्रतिनिधि गुधरौली के अनूप सिंह उर्फ लालजी हैं। प्रकरण में असंगठित मजदूर मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दलसिंगार ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग नई दिल्ली से 28 मार्च 2023 को भट्ठे में बंधुआ मजदूरी की शिकायत की थी। डीएम के आदेश पर 31मार्च 2023 को बिंदकी नायब तहसीलदार अमरेश कुमार और खागा श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनीत त्रिपाठी की संयुक्त टीम जांच के लिए पहुंची थी।
जांच के दौरान भट्ठे पर मौजूद बांदा जिले के 12 मजदूर परिवारों ने खाना, खुराकी व मजदूरी नहीं मिलने का आरोप लगाया। मौके से 26 बाल एवं बंधुआ श्रमिकों को टीम ने मुक्त कराया था। टीम ने भट्ठा प्रतिनिधि अनूप सिंह उर्फ लाल जी चौहान और मालिक सुधा गुप्ता को नोटिस देकर जवाब मांगा। मजदूरों को खुराकी, मजदूरी समेत अन्य आरोपों के अभिलेख भट्ठा मालिक प्रस्तुत नहीं दे सके। टीम की जांच रिपोर्ट से भट्ठे में मजूदरों को जबरन रोकने, गाली गलौज, दुर्व्यवहार, रुपये नहीं देने समेत अन्य आरोपों की पुष्टि हुई। इसके आधार पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी बिंदकी रामवृक्ष की तहरीर पर पुलिस ने भट्ठा मालिक पर बंधुवा श्रम प्रथा उत्सादन एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके नाम प्रकाश में लाए जाएंगे।