रक्षपालपुर। संविदा लाइनमैन ने सोमवार की शाम प्रधानपति की गाड़ी में बैठने से मना कर दिया तो प्रधानपति ने उस पर रिवाल्वर से फायर झोंक दिया। गोली लाइनमैन के बायें हाथ के अंगूठे और छर्रे गर्दन पर जा धंसे। इस मामले में प्रधानपति सहित दो नामजद व अन्य के खिलाफ तहरीर थाने में दी गई है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के चांदपुर औढ़ेरा निवासी सूरज यादव (28) संविदा पर लाइनमैन है। उसने बताया कि सोमवार की शाम वह घर के बाहर बैठा था। शाम 6:10 बजे भदौहा गांव का प्रधानपति, एक युवक के साथ चार पहिया वाहन से पहुंचा और बिजली लाइन की मरम्मत की बात कहते हुए गाड़ी में बैठने के लिए कहा। सूरज ने गाड़ी में बैठने से मना कर दिया।
आरोप है कि इस बात पर प्रधानपति गाली देेने लगा और रिवाल्वर निकालकर फायर झोंक दिया। गोली सूरज के बाये हाथ के अंगूठे में लगी और छर्रे गर्दन पर लगे। गोली की आवाज सुनकर पत्नी सोनी और गांव के लोग बीच बचाव के लिए दौड़े तो हमलावर हवाई फायर करते हुए भाग निकले। एसओ खखरेरू योगेश कुमार ने बताया कि घायल की तहरीर मिल गई है। घटना की जांच की जा रही है।