समाधान दिवस में लेखपालों का नेम प्लेट लगाकर मौजूद रहना जरूरी है, जिसने ऐसा नहीं किया उसे दंडित किया जाएगा। डीएम राजीव रौतेला ने यह निर्देश शनिवार को कोतवाली खागा में समाधान दिवस में दिए।
डीएम ने कहा कि समाधान दिवस और जनता की शिकायतें सुनकर उसका निस्तारण करना शासन की प्राथमिकता है, इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। फरियादी के प्रार्थनापत्र पर भौतिक सत्यापन कर शिकायत का निस्तारण किया जाए।
कहा कि सभी लेखपाल अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। क्षेत्र में यदि कोई घटना होती है तो उसे तुरंत तहसीलदार व एसडीएम को बताएंगे।
समाधान दिवस में जुनैदपुर के श्यामलाल, शहजादपुर खागा के राजेंद्र सिंह ने पट्टे की जमीन पर कब्जा न मिलने की शिकायत की। वहीं शांती शुक्ला ने अपनी दुकानें खाली कराने और संवत की चंद्रकली ने मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होने की शिकायत की।
डीएम ने कहा कि अधिकतर शिकायतें अवैध कब्जे की होती है। ऐसे में लेखपाल व पुलिस जरूरत के मुताबिक मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें। हर लेखपाल नेम प्लेट लगाएगा और अपनी डायरी में कार्य का विवरण लिखेगा। खागा कोतवाली प्रभारी से कहा कि वह समाधान रजिस्टर को तहसील दिवस में भी दिखाएं।
तत्पश्चात डीएम ने विकास खंड ऐरायां में पंचायत उद्योग विभाग से बने सेनेटरी नैपकीन का निरीक्षण किया। कहा कि इसे कस्तूरबा गांधी विद्यालय, जिला चिकित्सालय व जेल आदि में भेजा जाएगा।
डीएम ने थरियांव थाना का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर एएसपी राजकमल, एसडीएम खागा बलराम सिंह, डीपीआरओ जितेंद्र मिश्रा, सीओ अतुल कुमार मौजूद रहे।
तत्काल मुआवजा राशि दी जाए- खागा। समाधान दिवस पर करंट से मृत ब्रजलाल की पत्नी कुसमा देवी ने बिजली विभाग से मुआवजा न मिलने की शिकायत की। शिकायत सुनते ही डीएम राजीव रौतेला ने नाराजगी जताते हुए अधिशाषी अभियंता को निर्देशित किया कि तत्काल मुआवजे की धनराशि उपलब्ध करा दी जाए।