फतेहपुर। मकान की छतों और स्कूल के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन शिफ्ट कराने के नाम पर सिर्फ खंभे लगाकर छोड़ दिए गए हैं। छतों के ऊपर से निकले करंट प्रवाहित तार हादसों को दावत दे रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर लाइन शिफ्ट कराने के नाम पर खेल करने की शिकायत की है। केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
राधानगर टाउन से निकलने वाली 11 केवीए लाइन नई बस्ती में छतों के ऊपर से निकाली गई है। इससे होने वाली घटनाओं से बचने के लिए वर्ष 2019 में डी-कंट्रोल की ओर से नई लाइन शिफ्ट कराने के लिए 18 लाख रुपये का प्रस्ताव मंजूर हुआ। कार्यदायी संस्था ने नहर किनारे 10 खंभे लगा दिए, लेकिन इसमें तार नहीं लगाए गए। इसकी शिकायत मोहल्ले के राजबहादुर, नरेंद्र, सुरेंद्र, रामचंद्र ने शनिवार को केंद्रीय राज्यमंत्री से शिकायत की।
कहा कि 18 लाख रुपये से पोल शिफ्ट कराने का प्रस्ताव मंजूर हुआ था। विभागीय अधिकारियों की मिली भगत से ठेकेदार ने खंभे लगाकर धनराशि का बंदरबांट कर दिया गया है। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसकी जांच कराई जाए। अवर अभियंता जितेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि लाइन बनाने के लिए जो खंभे लगाए गए थे, उनका मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया। अब अंडर ग्राउंड 11 केवी लाइन बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद लाइन शिफ्ट कराई जाएगी।