जोनिहा। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जोनिहा चौकी अंतर्गत कोरवां गांव में शुक्रवार रात चोरों ने किराना दुकान और मुंबई गए परिवार के घर को निशाना बनाया। दुकान से नकदी और सामान चोरी कर ले गए। वहीं घर से लाखों रुपये के माल की चोरी बताई जा रही है। पुलिस मुंबई से परिवार के लौटने का इंतजार कर रही है।
कोतवाली के छीछा गांव निवासी राजकुमार गुप्ता की किराना दुकान शुक्रवार रात बंद करके घर चले गए थे। चोरों ने शटर का ताला तोड़कर और सेंटर लॉक रॉड से उठाकर दुकान में घुस गए। यहां गुल्लक से 25 हजार रुपये और 80 हजार का सामान चोरी कर ले गए। दुकानदार को सुबह इस बात का पता चला।
इसी गांव के नफीसुद्दीन परिवार के साथ 10 दिन पहले मुंबई गए थे। उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की गई। पड़ोसी ने नफीसुद्दीन को सूचना दी है। उनके अनुसार कई लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। चोरी हुए सामान की जानकारी मुंबई से लौटकर देंगे।
जानकारी पर चौकी से उपनिरीक्षक मुनीबराम जांच के लिए पहुंचे। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों को शीघ्र पकड़ा जाएगा।
बुधवार रात हुई लाखों की चोरी
कोरवां गांव में बुधवार रात चोरों ने आसिफ के घर से चोरी की। वह भी मुंबई गए थे। वे नफीसउद्दीन के पड़ोसी हैं। आसिफ ने गांव लौटने पर शनिवार को पुलिस को सूचना दी। उन्होंने 80 हजार नकद और तीन तोला सोने के व डेढ़ किलो चांदी के आभूषण चोरी की सूचना दी है।
ट्रांसफार्मर से निकाल ले गए सामग्री
कोरवां गांव के खेल मैदान पर 250 केवीए का ट्रांसफार्मर चबूतरे पर रखा था। चोरों ने आठ जनवरी की रात हाईटेंशन लाइन में शाॅर्ट सर्किट कर बिजली आपूर्ति बाधित की। चबूतरे से करीब पांच मीटर दूर ट्रांसफार्मर घसीट ले गए। ट्रांसफार्मर तोड़कर तेल, तांबे की प्लेट, क्वायल आदि सामान निकाल ले गए। अवर अभियंता अमित सोनी ने बताया कि लगभग तीन लाख का सामान चोरी हुआ है। केवल ट्रांसफार्मर का कवर बचा है।