प्रेमनगर (फतेहपुर) सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के सरौली गांव में शनिवार रात एक महिला आग लगने से झुलस गई थी। उसकी जिला अस्पताल में मौत हो गई। मायके पक्ष ने दहेज की खातिर मारपीट कर आग लगा देने का आरोप लगाया। पुलिस ने मायके वालों की तहरीर पर चार ससुरालीजनों पर रिपोर्ट दर्ज कर पति और ससुर को हिरासत में ले लिया है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के भदौहा गांव निवासी वीरन की बेटी रीतू देवी की शादी मई 2018 में रामबाबू पुत्र बचानी निवासी सरौली थाना सुल्तानपुर घोष के साथ हुई थी। पति रामबाबू ने बताया कि पत्नी रीतू से घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसने आग लगा ली थी। उसे जिला अस्पताल लेकर आए।
यहां इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। उधर, मायके से पिता वीरन और मां ममता देवी समेत काफी संख्या में लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पिता ने बताया कि शादी के बाद पति रामबाबू, ससुर, सास, ननद गीता दहेज से संतुष्ट नहीं रहते थे। कई बार बेटी के साथ मारपीट की थी। उन लोगों ने सुलह समझौता कराया था।
एक हफ्ते पहले बेटी को मारा पीटा गया था। बेटी पर घर बनवाने के लिए डेढ़ लाख रुपये का दहेज लाने का दबाव बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी न होने के कारण बेटी के साथ शनिवार को मारपीट कर और आग लगा दी गई। आसपास के लोगों से बेटी के जिला अस्पताल में भर्ती होने का पता लगा।
वह मौके पर पहुंचे तो बेटी ने आपबीती बताई। उसके बाद बेटी की मौत हो गई। रविवार को घटनास्थल की जांच करने खागा सीओ अंशुमान मिश्रा और थानेदार एके मिश्रा पहुंचे। थानेदार ने बताया कि पति, सास, ससुर, ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पति और ससुर को हिरासत में लिया गया है।