फतेहपुर। लंबे समय से बदहाल पड़े कोटिया से देवमई मार्ग के दिन अब बहुरने वाले हैं। शासन ने 1.70 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 175.66 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। बजट मिलने के बाद अब मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है। सड़क बनने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
कोटिया से देवमई को जोड़ने वाला यह मार्ग पिछले कई वर्षों से खराब हालत में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता था। ग्रामीणों को मजबूरी में इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता था।
ग्रामीण लंबे समय से सड़क के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। खराब सड़क के कारण किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कत होती थी। मार्ग के निर्माण की स्वीकृति और धनराशि जारी होने के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें बदहाल सड़क से निजात मिल सकेगी।
शासन से जारी 175.66 लाख रुपये की धनराशि से 1.70 किलोमीटर मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए, ताकि उन्हें लंबे समय तक बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
वर्जन :
कोटिया-देवमई मार्ग के 1.70 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए शासन से 175.66 लाख रुपये की धनराशि जारी हुई है। वहीं पहली किस्त के रूप में शासन ने 60 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - दुर्गेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग खंड दो