हुसैनगंज थाने में गंगा कटरी क्षेत्र के ग्राम प्रधानों की बैठक लेते डीएम संजीव सिंह व एसपी प्रशां?
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। पड़ोसी जनपद रायबरेली में अचानक कोरोना के 33 रोगी मिलने से गंगा कटरी क्षेत्र की निगहबानी बढ़ा दी गई है। मंगलवार को डीएम संजीव सिंह और एसपी प्रशांत कुमार ने रायबरेली से सटी जिले की सीमा का निरीक्षण किया और हुसैनगंज थाने में गंगा कटरी के गांवों के प्रधानों के साथ बैठक कर उनसे क्षेत्र की निगरानी में सहयोग की अपील की। आम लोगों के आने-जाने पर रोक लगाते हुए असनी व डलमऊ बैरियर पर चौकसी तेज करने के निर्देश दिए गए।
रायबरेली में एक दिन में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी से फतेहपुर में भी माहौल संजीदा हो गया है। सदर तहसील के असनी, डलमऊ बार्डर, भिटौरा, जमरावां और तारापुर क्षेत्र एवं खागा तहसील के नौबस्ता घाट, हथगाम और अल्लीपुर क्षेत्र रायबरेली की सीमा से नजदीक हैं। ऐसे में क्षेत्रीय लोगों का रायबरेली जाना और रायबरेली के लोगों का यहां आना साधारण बात है।
रायबरेली सीमा से सटे असनी पुल और डलमऊ पुल में पुलिस ने बैरियर लगा दिए हैं। अब इन रास्तों से आमजन का प्रवेश बाधित रहेगा। डीएम और एसपी ने प्रधानों के साथ हुई बैठक में नाव से गंगा पार करके रायबरेली जाने और वहां से किसी को न आने देने की अपील की। डीएम संजीव सिंह ने कहा कि रायबरेली से किसी भी रास्ते से कोई प्रवेश करे तो उसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दें।