फतेहपुर। सरस्वती विद्या मंदिर वीआईपी रोड में 35वीं क्षेत्रीय कबड्डी व बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार को काशी प्रांत की टीम ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में कानपुर, काशी, गोरक्ष व अवध प्रांत के 350 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कबड्डी का पहला मुकाबला काशी व अवध के बीच खेला गया। इसमें काशी टीम विजयी हुई। बालिका वर्ग में भी काशी की टीम पहले स्थान, द्वितीय स्थान पर गोरक्ष व तृतीय स्थान पर कानपुर की टीम रही।
वहीं स्टेडियम में बैडमिंटन प्रतियोगिता में बालक वर्ग में प्रथम स्थान काशी, द्वितीय कानपुर व तृतीय स्थान पर गोरक्ष की टीम रही। बालिकाओं में प्रथम स्थान गोरक्ष, द्वितीय अवध व तृतीय स्थान पर कानपुर की टीम रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख अभिषेक त्रिवेदी ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता शुरू कराई। विभाग कार्यवाहक ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना कर पुरस्कार वितरण किया। इस मौके पर राकेश, जगदीश, अयोध्या प्रसाद, प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह व संभाग निरीक्षक अजय दुबे आदि मौजूद रहे।