फर्रुखाबाद। विगत 24 दिनों में रेलवे ट्रैक पर हुई सिलसिलेवार घटनाओं के कहीं आपस में तार तो नहीं जुड़े हैं। इसको खंगालने के लिए एटीएस ने डेरा डाल लिया है। एटीएस के सीओ ने जिले में हुई घटना के बारे में जानकारी जुटाई।
मंगलवार को एटीएस के सीओ बृजेश कुमार पुलिस लाइन स्थित एसओजी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसओजी व सर्विलांस प्रभारी से फर्रुखाबाद रेलवे ट्रैक पर हुई घटना के बारे में जानकारी ली। इन घटनाओं के पीछे किसी आतंकी मॉड्यूल होने की आशंका तलाशी जा रही है। तीनों घटनाओं में समानता एक है कि ये अंधेरे में अंजाम दी गईं। पहली घटना 16 अगस्त रात 02:35 बजे झांसी ट्रैक पर साबरमती डिरेल होने पर हुई। दूसरी घटना में 26 अगस्त रात 12:05 बजे जिले के भटासा स्टेशन के पास स्पेशल पैंसेंजर ट्रेन के आगे लकड़ी का लट्ठा रखकर की गई। वहीं तीसरी घटना में इसी ट्रैक पर 08 सितंबर रात 8.30 बजे बर्राजपुर के आगे मुडे़री गांव में कालिंद्री एक्सप्रेस के आगे एलपीजी सिलिंडर रखकर की गई। हालांकि फर्रुखाबाद में हुई घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया। शेष घटनाओं की जांच अभी जारी है।