फोटो-26-अल्लीपुर स्थित अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय। संवाद
फतेहपुर। अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय में जूनियर छात्रों ने सीनियर पर रैगिंग के नाम पर बेल्ट से पीटने का आरोप लगाया है। जूनियर छात्रों ने इसकी शिकायत स्वास्थ्य एवं शिक्षा निदेशक से है।
छात्रों ने शिकायत में बताया कि शुरुआत में हंसी मजाक के रूप में रैगिंग की जाती थी। अब सीनियर अपने कमरों में बुलाते हैं। इसके बाद बेल्ट से पिटाई की जाती है। रैगिंग करने वालों ने शिकायत पर धमकाया भी है। छात्रों ने शिकायत में बताया कि एंटी रैगिंग कमेटी के सदस्य पिटाई के समय सोते रहते हैं।
वर्ष 2025 बैच के छात्रों के साथ वर्ष 2024 के सीनियर छात्रों ने हाॅस्टल में रैगिंग किए जाने की शिकायत का मामला रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। शिकायतकर्ता छात्रों ने अपना नाम और पहचान छिपाने की बात कही है।
पहचान उजागर होने से सीनियर से और भी खतरा होने की संभावना जताई गई है। आरोप है कि वर्ष 2024 बैच के सीनियर छात्रों ने रात नौ बजे के बाद हॉस्टल के कमरे में बंदकर बेल्ट से पीटा है। शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन ने परिसर में एंटी रैगिंग के साइन बोर्ड, बैनर और होर्डिंग लगवाए हैं।
प्राचार्य डॉ. राजेश मौर्य ने बताया कि उन्होंने 2024 बैच के सभी छात्रों से पूछताछ की है। किसी ने भी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायतकर्ता का नाम भी नहीं है। ऐसे में वह किसके खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं। एंटी रैगिंग कमेटी को सख्त निगरानी के आदेश दिए गए हैं।