खागा (फतेहपुर)। कोतवाली क्षेत्र के डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) रेलवे लाइन किनारे रविवार सुबह मालगाड़ी की चपेट में आने से जूनियर ऑपरेटर की मौत हो गई। जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आईडी कार्ड पर मिले मोबाइल नंबर से पुलिस ने परिजन को सूचना दी।
खागा नगर के डाट पुल के पास डीएफसी ट्रैक किनारे रविवार सुबह करीब नौ बजे लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस को तलाशी के दौरान पैन कार्ड और एक निजी कंपनी का आईडी कार्ड बरामद किया।
दस्तावेजों के आधार पर युवक की पहचान फिरोजाबाद जिले के थाना रसूलपुर अंतर्गत आसफा बाग निवासी विमल कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने आईडी कार्ड पर मिले मोबाइल नंबर के जरिये परिजन से संपर्क किया।
युवक के भाई ने बताया कि वह अमरोहा के पास एक निजी कंपनी में जूनियर ऑपरेटर के तौर पर काम करता था। खागा कैसे पहुंचा यह जानकारी नहीं है। कस्बा इंचार्ज एसपी पाठक ने बताया कि परिजन के आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।