सड़क हादसे में रविवार सुबह जेसीबी की टक्कर से एक मछुआरे की मौत हो गई। वहीं अन्य दुर्घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मछुआरा दिनेश(30) उन्नाव जिले के बारासगवर थाना क्षेत्र में ऊंचगांव निवासी राम औतार का बेटा था। वह सुबह चौडगरा के दुकानदारों को मछलियां देने आया था। पहुर गांव के पास बाइक खड़ी करने के बाद वह सड़क की तरफ खड़ा था। तभी पीछे से आई जेसीबी ने दिनेश को टक्कर मार दी।
उछलकर सड़क पर गिरने से उसके सिर में चोट लगी और मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई। पुलिस ने शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी। चाचा गोवर्धन ने बताया कि दिनेश की दो साल पहले शादी हुई थी। एक बेटी है। परिवार में कोहराम मच गया है। इसकी ही कमाई से घर का खर्च चलता था।
दूसरी घटना में चौडगरा के पास तड़के दो ट्रकों की सीधी भिड़ंत में एक ट्रक का चालक मुकेश घायल हो गया। वह सराय बक्स जिला छपरा बिहार का निवासी है। दूसरे ट्रक के घायल चालक विजय सिंह और खलासी शेर सिंह इकथाना थाना फराया जिला फिरोजाबाद के निवासी हैं।
तीसरी घटना में सदर कोतवाली क्षेत्र के कसेरूवा निवासी कल्लन (60) को सड़क पार करते समय बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इसी तरह कोतवाली क्षेत्र के अस्ती निवासी पकंज बाइक से गिरकर घायल हुए। वह हेलमेट नहीं लगाए था। गाजीपुर लमेहटा निवासी छोटू बाइकों की भिड़ंत में कस्बे के पास घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक वह हेलमेट नहीं लगाए था।