किशनपुर। थाना क्षेत्र के रायपुर भसरौल के मजरे थुरियानी में गुरुवार देर रात सियार ने बाहर सो रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में चार लोग घायल हुए। शोर होने पर ग्रामीण पहुंचे और जंगली जानवर को घेरकर मार डाला। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची। उसने सियार होने की पुष्टि कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के आसपास कई दिनों से जंगली जानवरों का झुंड दिख रहा है। ग्रामीण हर रोज की तरह गुरुवार को भी रात को घर के बाहर खुले में लेटे थे। एक ही परिसर में लेटे चार लोगों पर सियार ने देर रात हमला कर दिया। इसमें मोतीनिया (70), सेमिया (60), बाबूचंद्र (55) और गोगिया (70) घायल हो गए। अचानक हमले से घायलों ने शोर मचाया। उनकी आवाज सुन ग्रामीण इकट्ठा हो गए। जंगली जानवर को लाठी डंडे से मार डाला। घायलों का परिजनों ने निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद विजयीपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जंगली जानवर को लेकर ग्रामीणों में कई तरह की चर्चा रही। सूचना पर सीओ विवेक शुक्ला वन विभाग की टीम समेत मौके पर पहुंचे। जानवर के पदचिन्हों से सियार की पहचान की। जंगली जानवर के हमले से ग्रामीणों में दहशत है।