फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार को पांच घंटे जाम लगा रहा। करीब 10 किलोमीटर दूर तक वाहनों की कतार लगी रही। इसमें कई रोडवेज बसें व एंबुलेंस व अन्य वाहन फंसे रहे। जाम में फंसे लोग दोपहर की चिलचिलाती धूप में बिलबिला गए। कोई प्यास बुझाने के लिए पानी ढूंढ रहा था तो कोई गर्मी से राहत पाने के लिए पेड़ की छाया। दोपहर तीन बजे जाम खुला। तब वाहनों का रेंगना शुरू हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली।
हाईवे फोर लेन से सिक्स लेन बनाया जा रहा है। इसके चलते नउवाबाग के पास बांदा बाईपास मोड़ पर कार्यदायी संस्था ने वन-वे कर दिया है। इसलिए बांदा की तरफ से आने वाले वाहनों के कारण सुबह 10 बजे जाम लग गया। वाहन आड़े तिरछे खड़े हो गए। कानपुर और प्रयागराज को जाने वाली बसें भी जाम में फंस गईं। कानपुर की ओर अल्लीपुर तक और प्रयागराज की तरफ बड़े पुल तक वाहनों की कतार लग गई। दोपहर की चिलचिलाती धूप में बसों की छतें तपने लगी तो उसमें बैठे लोग परेशान हो गए। करीब पांच घंटे के जाम और चिलचिलाती धूप में राहगीरों के हलक सूखने लगे। प्यास बुझाने के लिए लोग बसों से उतर कर पानी की तलाश करते नजर आए। तीन बजे आड़े तिरछे खड़े वाहनों को हटाया गया। तब जाम हटा और वाहनों का रेंगना शुरू हुआ। इसके बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली।
सबमर्सेबुल के पाइप से प्यास बुझाते राहगीर। संवाद- फोटो : FATEHPUR