बहुआ। बांदा-कानपुर हाईवे पर जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। मंगलवार देर रात करीब एक बजे से सुबह छह बजे तक जाम लग गया। पांच घंटे तक राहगीर जाम में फंसे रहे। वाहनों की कतारें पांच किमी तक लग गईं।
जाम का प्रमुख कारण ट्रक बने हुए हैं। बांदा और जिले की खदानों से निकलने वाले यह ट्रक सड़क किनारे भी खड़े हो जाते हैं। इससे आवागमन बाधित होता है और जाम लगता है। मंगलवार रात भी बंधवा से लेकर चिल्ला पुल तक करीब पांच किमी लंबा जाम लग गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को किसी तरह निकालना शुरू किया। चिल्ला पुल से ललौली तक रात एक बजे से सुबह छह बजे तक जाम लगने से राहगीर फंसे रहे। ललौली कस्बे के अनीश खान, मुबारक खान, रामप्रकाश, सुरेश, जगदीश, भूरा, आबिद आदि ने बताया कि जाम की समस्या से रोजाना उन्हें परेशान होना पड़ता है।