जाफरगंज। थाना क्षेत्र के गांव उमरिहा में रविवार रात इंटर की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया।
जाफरगंज थानाक्षेत्र के उमरिहा निवासी राम खेलावन सोनकर की पुत्री रैना देवी (19) पड़ोसी गांव के एक प्राइवेट विद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। रविवार की शाम घर के लोग खेतों में काम करने गए थे। छात्रा घर में अकेली थी। छात्रा ने कमरे में पंखे के हुक में साड़ी से फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर लिया। खेतों से लौटकर परिजन घर पहुंचे। पुत्री को दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन कोई आहट नहीं मिलने पर कमरे की खिड़की से देखा। रैना फंद से लटकी दिखी। सोमवार भोर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार यमुना घाट बारा में किया। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।