फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के नौगांव नहर पुलिया के पास शुक्रवार रात मुठभेड़ में मंदिरों से घंटे-घंटियां चोरी करने वाला आरोपी महेश घायल हो गया। खागा कोतवाली क्षेत्र के अजईपुर निवासी महेश के बाएं पैर में गोली लगी है। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसे चोरी का माल बरामद कराने लेकर गई थी।
हुसैनगंज और चांदपुर थाना क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों से पीतल की घंटे-घंटियां चोरी हुई थीं। दोनों थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी को शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार किया था। पुलिस उसे नौगांव नहर पुलिया के पास चोरी की घंटियां बरामद कराने ले गई। इसी दौरान महेश ने पहले से छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की 17 छोटी-बड़ी पीतल की घंटे-घंटियां, वारदात में प्रयुक्त कटर, पेचकस, रिंच तथा कानपुर नगर के रेलबाजार थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक बाइक बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य जिलों में भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस पर फायरिंग के मामले में उसके खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है।