फतेहपुर। आपरेशन कायाकल्प योजना में शामिल स्कूलों का कायाकल्प कराने के निर्देश जारी किए गए। लाभार्थियों को शौचालय बनवाने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने को भी कहा गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी अजय आनंद सरोज ने विकास भवन सभागार में पंचायत सचिवों के साथ शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प योजना में जो गांव शामिल किए गए हैं, उन गांवों के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों की बाउंड्री निर्माण करा दी जाए। स्कूल में मॉडल शौचालय का निर्माण कराया जाना है। इसमें टायल्स और पानी के लिए टोटियां लगवाई जाएं। इन गांव में सभी लाभार्थियों को शौचालय बनवाए जाएं और उसका उपयोग करने के लिए लोगों को प्रेरित करें। साथ ही गांव की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। गलियों व नालियों को साफ सुथरा रखा जाए। सफाई कर्मी अपने कार्यक्षेत्र में नियमित काम करें। डीपीआरओ ने कहा कि गांव के विकास कार्य में भी तेजी लाई जाए। ग्राम पंचायत से जो कार्य योजना तैयार की है। उस काम को शुरू कराएं। इस मौके पर स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक शरद अवस्थी, पंचायत सचिव वीरेंद्र कुमार, अभिषेक कुमार मौजूद रहे।