सदर अस्पताल के कोरोना सेल यूनिट में लगा ताला
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। करीब दस महीने तक कहर बरपाने वाले कोविड-19 संक्रमण के मामलों में बड़ी गिरावट आई है। ऐसे में जिला सर्विलांस यूनिट की कवायद पर विराम लग गया है।
संक्रमण की कुंद होती धार का नतीजा है कि इस महीने के 13 दिन में साढ़े छह हजार सैंपलों की जांच में सिर्फ छह संक्रमित मिले हैं। इस लिहाज देखा जाए तो जिले में कोविड-19 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
जिले में अब तक एक लाख 985 लोगों की कोविड जांच के लिए सैंपल लिया जा चुका है। 99 हजार 596 सैंपल के मिले नतीजे में 3779 कोरोना पॉजिटिव केस निकले हैं।
इस लिहाज से जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के मामले मिलने की दर 3.79 प्रतिशत रही है। फरवरी महीने में यह दर एक फीसदी से नीचे आ गई है।
एक फरवरी से 13 फरवरी तक छह हजार 551 सैंपल की जांच में छह संक्रमित मामले ही सामने आए हैं। जिसमें दो फरवरी को दो, तीन को एक, छह को एक, आठ को एक और 11 फरवरी को एक कोरोना संक्रमित मामला निकला।
संक्रमण के घटते ग्राफ पर एक नजर-
तारीख सैंपल पॉजिटिव
एक फरवरी- 1103 - 0
दो फरवरी- 708- 02
तीन फरवरी- 613- 01
चार फरवरी- 310- 0
पांच फरवरी- 15- 0
छह फरवरी- 639- 01
सात फरवरी- 545- 0
आठ फरवरी- 538- 01
नौ फरवरी- 471- 0
10 फरवरी- 814- 0
11 फरवरी- 641- 01
12 फरवरी- 501- 0
13 फरवरी- 361- 0
जिले में अभी तक कोरोना की जांच के लिए एक लाख सैंपल लिए गए हैं, जिसमें 3779 लोग संक्रमित मिले हैं। इस महीने सैंपल के मुकाबले सामने आई संक्रमण की दर .091 प्रतिशत है। यह एक से काफी कम है। - डॉॅ. केके श्रीवास्तव, नोडल अफसर, जिला कोरोना सेल