फतेहपुर। जनपद में सरकारी और ग्राम समाज की जमीनों पर उद्योग विकसित किए जाएंगे। मंत्री राकेश सचान ने ऐसी जमीनों को चिन्हित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने उद्योग स्थापित करने के लिए प्रस्ताव भी तैयार करने के लिए कहा है। इसके अलावा खादी और रेशम को बढ़ावा देने समेत औद्योगिक पार्क बनाने के निर्देश दिए हैं।
सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री राकेश सचान सोमवार को जनपद दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने उप जिलाधिकारियों के माध्यम से ग्राम समाज की भूमि चिन्हित कर नए उद्योगों के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आधारभूत संरचनाओं का विकास करते हुए उद्यमियों के लिए स्थान उपलब्ध कराने की बात कही। मंत्री ने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार और खादी उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना एवं माटीकला रोजगार योजना, रेशम विभाग की संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की। साथ ही जनपद में कम से कम एक औद्योगिक पार्क स्थापित कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी एवं रेशम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।