फतेहपुर। हरिहरगंज उपकेंद्र की इनकमिंग मशीन खराब होने से 20 घंटे बिजली गुल रही। इससे करीब 25 हजार की आबादी को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। शनिवार शाम को आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार रात 11 बजे अचानक उपकेंद्र की मशीन में शार्ट सर्किट हुआ, जिससे उपकेंद्र से जुड़े सभी मोहल्लों की आपूर्ति बंद हो गई। इस उपकेंद्र से हरिहरगंज, कलक्टरगंज, वर्मा चौराहा, आईटीआई रोड, नाथपुरी कालोनी, गढ़ीवा, रेल बाजार मोहल्ले के लोगों को आपूर्ति दी जाती है। बिजली गुल हो जाने के कारण जलापूर्ति भी बंद हो गई। शनिवार सुबह लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच सका। बिजली आने का लोग इंतजार करते रहे। शाम सात बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई, तब लोगों के घरों में जलापूर्ति हो सकी। बिजली और पानी सप्लाई होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। उपखंड अधिकारी मयंक वर्मा ने बताया कि मशीन में फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बंद हो गई थी। सुबह से मशीन सही कराने के लिए उपकेंद्र के अवर अभियंता कल्लूराम यादव व अन्य कर्मियों को लगाया गया। शाम को मशीन सही कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।