सीतापुर विधायक के बेटे के साथ चल रही कार सोमवार दोपहर नेशनल हाइवे पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार सवार चार महिलाएं व तीन बच्चे घायल हो गए।
आनन-फानन सभी को नजदीक के गोपालगंज पीएचसी ले जाया गया। बाद में गंभीरावस्था में सभी को कानपुर ले जाया गया है। हादसा कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अहिरनखेड़ा गांव के समीप हुआ।
सीतापुर के सदर विधायक राधेश्याम जायसवाल के बेटे सचिन के साथ परिवार व अन्य लोग इलाहाबाद शादी समारोह से लौट रहे थे।
आगे चल रही कार में विधायक के बेटे सचिन चल रहे थे, जबकि पीछे वाली कार में परिवार के अन्य लोग सवार थे। कार हाइवे पर अहिरनखेड़ा गांव के सामने पहुंची थी कि अचानक डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई।
चीख पुकार सुन आसपास के लोग जुट गए। किसी तरह कार में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। इस दौरान कार चालक कौशल सिंह (32)पुत्र जयकरन की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि चार महिलाएं व तीन बच्चों को 108 एंबुलेंस से गोपालगंज पीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया।
मार्ग दुर्घटना में तीन बाइक सवार घायल
बिंदकी। अलग-अलग घटित हुई दुर्घटनाओं में तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए है। नगर के मुगल रोड विद्युत पावर हाउस के पास शादी समारोह से वापस घर जा रहे बाइक सवार श्रवण पुत्र मुलायम निवासी मणेपुर थाना घाटमपुर को चार पहिया वाहन ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दूसरी घटना मेें गांधी चौराहे के पास बाइक अनियंत्रित होने पर गिरा बाइक सवार गोकुल सिंह चौहान निवासी बसावन खेड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि तीसरी घटना बकेवर कस्बे में दो बाइकों की भिड़ंत की हुई, जिसमें सचिन पुत्र रामपाल निवासी पर्वतखेड़ा थाना बकेवर गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया गया है।