कस्बे से घर लौट रहे बाइक सवार युवकों को शनिवार की रात तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार रिश्ते में बहनोई और साले हैं। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बकेवर थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी वासुदेव (45) पुत्र रामबली अपने चचेरे भाई नरेश (35) पुत्र भागीरथ और बहनोई छोटेलाल (45) पुत्र केशरी निवासी गोहरारी थाना चांदपुर एक बाइक से कसबा आए थे।
रात को तीनों एक ही बाइक से घर आलमपुर लौट रहे थे। आलमपुर गांव के मोड़ पर बाइक सवारों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि उछलकर दूर जा गिरे। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने तीनों को कानपुर के लिये रेफर कर दिया। कानपुर जाते समय रास्ते में वासुदेव की मौत हो गई।
वहीं नरेश और छोटेलाल को हैलट में भर्ती कराया गया। जहां पर दोनों की हालत नाजुक बनी है। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भाई रामपाल और श्रीपाल ने बताया कि वासुदेव बिल्डिंग बनाने की मशीनों का काम करता था।
वह अपनी मशीन की देखरेख के लिये निकला था। घूमने के लिये रिश्तेदार छोटेलाल और नरेश भी साथ चले गए थे। जहां से लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गए।
घटना से मृतक के परिजनों का हाल बेहाल हो गया है। मृतक के चार बच्चे अनीता, सुनीता, सत्यम और शिवम हैं। बच्चों के सिर से पिता का साया छिना है।