जिले की कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं आने से असंतुष्ट पुलिस अधीक्षक ने शनिवार शाम को क्राइम मीटिंग में महकमे में भारी फेरबदल करने के संकेत दिये है। अवैध कारोबारों में संलिप्त, लंबित विवेचनाओं और घटनाओं के खुलासे नहीं कर पाने वाले थानेदार रडार पर हैं।
पुलिस लाइंस स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक सालिगराम वर्मा ने मातहतों की क्लास लगाई है। उन्होंने जनवरी माह में कुछ थानों पर बढ़ते क्राइम के ग्राफ पर नाराजगी जताई।
अपराध पर काबू और अवैध धंधों पर नकेल नहीं डालने वालों थानेदारों को सुधरने की हिदायद दी है। उन्होंने संकेत दिये है कानून व्यवस्था से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
कई थानेदारों की शिकायतें आ रही है। उनके खिलाफ जल्द ही कुर्सी छीनकर कार्रवाई की हो सकती है। क्षेत्राधिकारियों को भी क्षेत्र में चौकसी बरतने और थानों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की हिदायद दी है।
उन्होंने पुरस्कार घोषित अपराधियों, वांछितों, हिस्ट्रीशीटरों की गिरफ्तारियों के निर्देश दिये हैं। इस मौके पर एएसपी अरविंद कुमार मिश्र, सीओ सिटी आरके वर्मा, सीओ बिंदकी अनुराग दर्शन, सीओ खागा बृजभूषण सिंह, सीओ थरियांव वंदना सिंह, सीओ जाफरगंज निवेष कटियार और सारे थानेदार मौजूद रहे हैं।