फतेहपुर। जिले के करीब दो हजार परिषदीय विद्यालयों में विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के संचालन पर खातों के अभाव में ब्रेक लग गया है। विद्यालयों और प्रबंध समितियों के एसएनए स्पर्श (सिंगल नोडल अकाउंट) खाते नहीं खुलने से योजनाओं के लिए धनराशि नहीं भेजी जा सकी है। जिले के 20 पीएम श्री विद्यालयों में से अब तक 14 के खाते खुल पाए हैं, जबकि शेष छह के आवेदन लंबित हैं। ऐसे में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में अभी और समय लग सकता है।
पहले परिषदीय विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन के लिए धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के एसएमसी (स्कूल मैनेजमेंट कमेटी) खाते में भेजी जाती थी। इस राशि को प्रबंधक और सदस्य मिलकर खर्च करते थे। पहले धनराशि भेजे जाने के बाद उसके खर्च की जानकारी एक सप्ताह में मिल पाती थी।
अब परिषदीय विद्यालयों में एसएनए स्पर्श खाते खोलने के आदेश करीब दो माह पहले जारी किए जा चुके हैं, लेकिन खाते नहीं खुलने से विभिन्न योजनाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक समस्या समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित कार्यक्रमों में आ रही है। खातों के अभाव में योजनाओं के लिए धनराशि नहीं भेजी जा सकी है।
यही स्थिति पीएम श्री विद्यालयों की भी है। जिले में संचालित 20 पीएम श्री विद्यालयों में से केवल 14 के खाते खुले हैं। इन विद्यालयों में स्टेशनरी, लर्निंग कॉर्नर, डस्टबिन, पुस्तकालय, हर्बल किचेन गार्डन, ब्लूटूथ व स्पीकर, चौपाल समेत अन्य योजनाओं के लिए धनराशि भेजी जानी है। शेष छह विद्यालयों को खाते खुलने का इंतजार है।
बीएसए प्रिंसी मार्य ने बताया कि एसएनए स्पर्श खाते खुलवाने के लिए लगातार पत्राचार किया जा रहा है। विद्यालयों की ओर से कागजी कार्रवाई पूरी की जा चुकी है, लेकिन बैंक सर्वे के बाद खाते खोलने की बात कह रहे हैं। विद्यालयों के खाते जल्द खुलवाने के लिए एलडीएम से भी पत्राचार किया गया है।