फतेहपुर। स्वास्थ्य विभाग ने अवैध दवा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आंबी गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवैध रूप से संचालित जय अंबेश्वर मेडिकल स्टोर सील कर दिया है। टीम ने आरोपी के दवाखाने से 87 हजार कीमत की दवाएं जब्त की हैं। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में शामिल जिले के ड्रग इंस्पेक्टर संजय दत्त, प्रयागराज के ड्रग इंस्पेक्टर सुनील रावत, संतोष पटेल व औषधि निरीक्षक माधुरी सिंह ने बुधवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई की। टीम ने लतीफपुर निवासी आरोपी ओमप्रकाश लोधी पुत्र मंगल सिंह को बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर संचालित करते पकड़ा। मेडिकल स्टोर से जब्त 87 हजार की दवाओं में तीन का सैंपल जांच के लिए भेजा है।
प्रयागराज मंडल के सहायक औषधि आयुक्त संजय सिंह ने बताया कि बिना लाइसेंस की अवैध दुकानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।