फतेहपुर। कल्यानपुर और बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसों से परिजन बेहाल हो गए। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
मलवां थाना क्षेत्र के कुंवरपुर निवासी सुरेश विश्वकर्मा उर्फ छोटकू (40) औंग थाना क्षेत्र स्थित एक सरिया फैक्टरी के कर्मी थे। वह मंगलवार रात बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। कल्यानपुर थाने के दरियापुर मोड़ के पास बाइक सवार को तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही सुरेश की मौत हो गई। उधर, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बरदारा निवासी धर्मेंद्र की पुत्री अंशिका (17) सरोज इंटर काॅलेज में कक्षा 10 की छात्रा थी। वह मंगलवार शाम कोचिंग से घर जा रही थी। जोनिहा माइनर के पास छात्रा की साइकिल में डंपर ने टक्कर मार दी। वह करीब 10 मीटर तक डंपर में फंसकर घिसटती चली गई। अंशिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देखकर भीड़ ने चालक को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। उसकी बड़ी बहन की भी चार साल पहले बीमारी से मौत हुई थी। हादसे से पिता, मां कुसुमा, भाई नीतेश का हाल बेहाल दिखा। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का बुधवार को अंतिम संस्कार किया है।
-
सड़क हादसों में देवर-भाभी समेत पांच घायल
फतेहपुर। बांदा जिला पैलानी थाने के सबादा निवासी दिलशाद अपनी भाभी नसरीन पत्नी शमीम को बाइक से लेकर कानपुर जा रहे थे। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव के पास बाइकों की भिड़ंत में देवर-भाभी घायल हुए। उधर, सेलावन गांव के राम बहादुर पारादान के पास सड़क हादसे में घायल हुए। इधर, जालौन जिला थाना उरई गांव कोंच निवासी राजकुमार रिश्तेदार के घर बाइक से राधानगर जा रहे थे। त्रिलोकीपुर के पास किसी वाहन की टक्कर से घायल हो गए। बिंदकी कोतवाली के शहबाजपुर निवासी शिव मिलन ई-रिक्शा चालक है। वह बुधवार सुबह ई-रिक्शा लेकर निकला था। पुरवा के पास रिक्शा पलटने से घायल हो गया। (संवाद)