फतेहपुर। कलक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मंगलवार को जिला स्वच्छता समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने 15 दिन के भीतर रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) का निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने केयरटेकरों के सितंबर तक के बकाया मानदेय के भुगतान न होने तक संबंधित एडीओ पंचायत का वेतन रोकने का आदेश दिया।
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 में व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण के आवेदनों की प्रगति तेज करने को कहा। जियो टैगिंग और पहली-दूसरी किस्त के भुगतान में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने पात्र लाभार्थियों के शौचालयों का निर्माण लक्ष्य के अनुसार जल्द पूरा कराने पर जोर दिया। जिन ग्राम पंचायतों में ई-रिक्शा नहीं खरीदे गए हैं, वहां नियमानुसार खरीद प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। जिला पंचायत राज अधिकारी को खरीदे गए ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर आरआरसी सेंटरों का संचालन शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए। 15वें और पांचवें वित्त आयोग से कराए गए कार्यों का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा गया। सभी ग्राम पंचायतों के खातों से जीएसटी और टीडीएस की कटौती की स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी गई।