मलवां विकास खंड के पहरवापुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान एवं कृषि गोष्ठी के कार्यक्रम हुआ। इसमें किसान विकास केंद्र थरियांव के डाक्टर नौशाद आलम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर गांव व आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखने की दिशा में पहल करते रहना चाहिए।
तभी वातावरण शुद्ध रहेगा व सभी लोग स्वस्थ्य रह सकते हैं। स्वस्थ्य रहने का यह सबसे आसान रास्ता है। राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान एवं कृषि गोष्ठी में प्राथमिक विद्यालय पहरवापुर की सफाई, सुंदरीकरण व बच्चों को दी जा रही उत्तम शिक्षा को देखकर यहां की प्रधानाचार्य नीलम भदौरिया को सम्मानित किया गया।
नार्बाड के जिला प्रबंधक पंकज कुमार, डा. तेज प्रकाश सिंह, उमेश चंद्र शुक्ला, उपकृषि निदेशक जीसी कटियार आदि वक्ताओं ने किसानों को कृषि अपशिष्टों के प्रभावी प्रयोग पर्यावरण शुद्ध रखने के लिए प्रदूषण रोकने और वर्मा कम्पोस्ट खाद के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
वक्ताओं ने कहा कि गांव के कूडे़ कचरे से खाद बनाकर उसका उपयोग अधिक से अधिक करें, डीएपी व यूरिया का प्रयोग कम करें। इसके पूर्व अधिकारी शिक्षक क्षेत्र के गणमान्य नागरिक पूर्व प्रधान, वर्तमान प्रधान, विद्यालय के बच्चों ने गांव में स्वच्छता अभियान की रैली निकालकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
गोष्ठी में रामशरण सिंह प्रधान, सुनील सिंह गौतम, कल्लू सिंह, डल्ला सिंह, बजरंग सिंह आदि ने विचार व्यक्त किये।