फतेहपुर। पत्नी वियोग में मंगलवार को पति ने ट्रेन के आगे कूद कर देने की कोशिश की। ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टरों ने उसे हालत बिगड़ती देख उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया।
मलवां थाना क्षेत्र कुरुस्ती कलां के निलंबरपुर निवासी देवराज पाल (45) मंगलवार दोपहर को घर से निकला। वह भैंसाही गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचा।
जहां ट्रेन के आने पर छलांग लगा दी। ट्रेन के आगे हिस्से से टकराने के बाद वह खेत पर जा गिरा। हादसा देखकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस से घायल देवराज को जिला अस्पताल भेजा।
जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख उसे कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि देवराज की पत्नी सखिया देवी (38) की शनिवार को ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
पत्नी के गम में देवराज तनाव में था। दोपहर में वह घर से निकला और आत्महत्या की कोशिश की। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि उनके पास सूचना नहीं आई है। मामले की जांच की जाएगी।