फतेहपुर। पति को तमंचे की बट से पीटने के बाद पत्नी के साथ छेड़छाड़ और लूटपाट करने की कोर्ट के आदेश पर जहानाबाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। महिला ने बाइक सवार चार लोगों पर आरोप लगाया है।
बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि वह पति के साथ बाइक से 27 जुलाई को मायके जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव जा रही थी। रास्ते में जहानाबाद थानांतर्गत ढकौली गोशाला के पास दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने पति की बाइक रोकवाई।
बाइक सवार नोनारा डेरा गांव निवासी धर्मवीर, नरेंद्र, अमल और चांदपुर थाना क्षेत्र के केवलापुर निवासी रोहित ने पति को तमंचे की बट से पीटा। धर्मवीर और रोहित ने अश्लील हरकत की। पर्स और गले से मंगलसूत्र छीन लिया। पर्स से सात हजार रुपये लूट लिए।
पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर कोर्ट की शरण ली। थानाध्यक्ष मनीष सिंह ने बताया कि प्राथमिकी मंगलवार को दर्ज कर विवेचना की जा रही है।