असोथर। चोरी के आरोप से आहत भट्ठा मजदूर ने बुधवार को फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने चोरी का आरोप में युवक को पीटने की बात कही है।
मलवां थाना क्षेत्र के तारापुर असवार निवासी सुरेंद्र सिंह चौहान (24) कुसुंभी गांव स्थित एक भट्ठे में मजदूरी करता था। उसका बुधवार शाम भट्ठे के किनारे लगे यूकेलिप्टस के पेड़ पर अंगौछे के फंदे से लटकता शव देखा गया। भट्ठा कर्मियों की सूचना पर मृतक का छोटा भाई ज्ञान सिंह और पिता राकेश चौहान पहुंचे। भाई ने बताया कि वह भी भट्ठे में काम करता है। तीन दिन पहले भट्ठे के एक ठेकेदार ने भाई के साथ बैठकर शराब पी थी। पीने के बाद भाई एक हजार रुपये की चोरी का आरोप लगाया था। उसके साथ मारपीट की थी। भाई छुट्टी लेकर मंगलवार को घर गया था। जहां पिता से आपबीती बताई थी। इसके बाद काम पर बुधवार को आया था। ठेकेदार ने उसे फिर प्रताड़ित किया होगा। तभी भाई ने फांसी लगाकर जान दी है। मृतक अविवाहित था। थानाध्यक्ष प्रमोद मौर्या ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।