अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छह घर व एक दुकान में आग लगने से लोगों का तगड़ा नुकसान हुआ। लाखों के नुकसान की आशंका है। ग्रामीणों ने मशक्कत से आग पर काबू पाया।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मथैयापुर गांव में गीता देवी के घर के पीछे कूड़े के ढेर पड़ा था। ढेर में किसी ने आग लगा दी। चिंगारी से गीता देवी के छप्पर में आग लग गई, जिसकी चपेट में पूरा घर आ गया। आग ने पड़ोसी हरिसेवक और रामसिंह के घरों को भी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। घटना में तीनों घरों के कपड़े, बर्तन, चारपाई, अनाज समेत सारी गृहस्थी बर्बाद हो गई। गीता देवी ने बताया कि मकान बनवाने के लिए बेटा 40 हजार रुपये की नकदी बैंक से लेकर आया था। अग्निकांड में सारे रुपये भी जलकर नष्ट हो गए हैं। तीनों घरों में करीब डेढ़ लाख की क्षति हुई है। उधर, थाना क्षेत्र के ही देवरानार गांव में रामशंकर और भोला के घरों में लगी आग से नुकसान हुुआ। भोला का ट्रैक्टर आग की चपेट में आ गया। दोनों परिवारों की सारी गृहस्थी बर्बाद हो गई। भुक्तभोगियों के मुताबिक, करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है।
इधर, सदर कोतवाली के नारायण पुरवा के खेतों में हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से आग लग गई। सूखी और कटी फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने दमकल के सहयोग से आग पर काबू पाया। घटना में मोहम्मद अहमद, अब्दुल हमीद, गुलाम, मोहम्मद नजीबत, नसीर, शफ ीक, सना समेत दस किसानों की बीस बीघा फसल जली है।
गाजीपुर प्रतिनिधि के अनुसार मूसेनगर हथेमा गांव में गोरे के घर चूल्हे की चिंगारी के आग लग गई। आग नेे उसके भाई रामबहादुर की दुकान को चपेट में ले लिया। गोरे के घर में 50 हजार और रामबहादुर की दुकान में करीब 15 हजार कीमत का समान जलकर नष्ट हो गया।