पुलिस के मुताबिक मादक पदार्थों की तस्करी का हो सकता है खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। हाईवे से एक होटल मालिक को पुलिस ने मंगलवार रात उठाया है। पुलिस बिना वर्दी और कई लग्जरी वाहनों के साथ पहुंची थी। इसी वजह से होटल मालिक के परिजनों ने कल्यानपुर पुलिस को अपहरण की जानकारी दी। बाद में पुलिस की धरपकड़ का मामला सामने आया है। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मौहार हाईवे स्थित एक होटल के मालिक को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक होटल मालिक का मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले शातिर से लेनदेन का विवाद हुआ था। विवाद की भनक बिंदकी पुलिस को लगी थी। इसके बाद बिंदकी पुलिस ने होटल संचालक की तलाश में छापामारी की।
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले होटल मालिक की कई पुलिस अधिकारियों के साथ फोटो वायरल हुई है। उससे पूछताछ के बाद मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले कई लोगों के नाम पुलिस के सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापामारी कर रही है। पुलिस मामले में अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा कर सकती है। प्रभारी निरीक्षक नीरज यादव ने बताया कि होटल मालिक को पुलिस की गिरफ्त में है। उसकी एक करीबी से बातचीत हुई है। अपहरण की बात अफवाह है।