फतेहपुर। व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते एक कारोबारी को हिस्ट्रीशीटर के जरिये धमकाने का आरोप है। एसपी के आदेश पर सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें एक बाइक एजेंसी संचालक भी शामिल है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हथगाम कस्बा निवासी अंकित कुमार अग्रहरि ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया था। उन्होंने प्रेमनगर मोहम्मदपुर गौंती ग्राम सभा में नई बाइक डीलरशिप के लिए आवेदन किया था। अंकित का आरोप है कि आवेदन के बाद से हथगाम निवासी पवन वाजपेयी उनकी डीलरशिप रुकवाने का प्रयास कर रहे हैं। पवन वाजपेयी पहले से एक बाइक एजेंसी संचालित करते हैं। इसके लिए विभिन्न माध्यमों से लगातार शिकायतें कराई जा रही थीं।
शिकायत के अनुसार, सुल्तानपुर घोष निवासी हिस्ट्रीशीटर नसरुल हसन और अनिल सिंह ने 18 मई को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी का निर्माण ग्राम समाज की भूमि पर कराया जा रहा है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पैमाइश की, जिसमें भूमि सही पाई गई और निर्माण की अनुमति मिली।
अंकित का आरोप है कि इसके बावजूद नसरुल हसन ने उनसे रंगदारी की मांग की। रुपये न देने पर निर्माण रुकवाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। वहीं, पवन वाजपेयी पर आरोप है कि उन्होंने अपनी एजेंसी में कार्यरत राजकुमार की पत्नी नीतू देवी के माध्यम से भी अंकित को धमकवाया। नीतू देवी ने भूमि का एग्रीमेंट कराकर सार्वजनिक रास्ता बंद कराने का प्रयास किया। उन्होंने झूठे आत्महत्या के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पवन वाजपेयी, नसरुल हसन और नीतू देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।