फतेहपुर। गोकशी की फिराक में घूम रहे हिस्ट्रीशीटर व उसके साथी को शुक्रवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी है। दोनों को जेल भेजा गया है। घटना हथगाम थाना क्षेत्र की है।
एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि हथगाम थाने व एसओजी की टीम शाहपुरा तिराहा के पास चेकिंग के दौरान गोकशी के फिराक में असलहे लेकर घूम रहे हिस्ट्रीशीटर इलियास (48) निवासी रामपुर मुआरी थाना हथगाम व उसके साथी अफसर अली (26) निवासी रामपुर मुआरी थाना हथगाम को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की।
दोनों ओर से हुई फायरिंग में इलियास के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक घायल हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ हथगाम थाना में ही करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी अफसर अली पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस व धारदार हथियार बरामद हुए हैं।