फतेहपुर। सिधांव के जंगल में गोवंश काटने जा रहे हिस्ट्रीशीटर कसाई को पुलिस ने गुरुवार भोर मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उसका साथी मौके से भाग निकला। आरोपी के खिलाफ गोकशी के कई मुकदमे हैं। आरोपी की सदर कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोल रखी है।
ललौली थाने के सिधांव नहर कोठी खंडहर के पास गोकशी की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में आरोपी शानू दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी भाग निकला। एएसपी विजयशंकर मिश्र ने बताया कि घायल शानू सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी मोहल्ले का है। वह कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। घायल को सीएचसी बहुआ ले जाया गया। नहर कोठी खंडहर में आरोपी गाेवंश को पेड़ पर बांधकर काटने जा रहे थे। आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस, गोवंश, गौकशी के उपकरणों में कुल्हाड़ी, दो चापड़, तीन चाकू, लकड़ी का ठीहा, तिरपाल, 1200 रुपये बरामद हुए हैं। आरोपी से पूछताछ कर उसके साथी की तलाश की जा रही है। आरोपी शानू के खिलाफ गैंगस्टर, गोकशी समेत कुल छह मुकदमे पहले से हैं। धरपकड़ में थानाध्यक्ष वृंदावन राय और उनकी टीम शामिल रही है।