फतेहपुर। विद्युत उपकेंद्र किशनपुर के अंतर्गत विजयीपुर कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में शुक्रवार शाम हाईवोल्टेज आ गया। बैंक कर्मियों ने बताया कि बैंक को आपूर्ति देने वाले केबल पर अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया।
इससे बैंक के अंदर हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया और सर्वर रूम, कंप्यूटर, एसी समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। उपकरणों में आग लगने से बैंक के अंदर धुआं भर गया। कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई।
शाखा प्रबंधक नवीन कुमार भारती ने बताया कि हाईवोल्टेज करंट आने से उपकरण जल गए हैं। इससे करीब दो दिन तक बैंकिंग सेवाएं बाधित रहेंगी। कर्मचारियों ने बताया कि कुछ माह पहले भी एचटी लाइन गिरने से बैंक के उपकरण जल चुके हैं। (संवाद)