फतेहपुर। अखरी के चर्चित तिहरे हत्याकांड में मंगलवार को प्रस्तावित सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 अगस्त की तारीख निर्धारित की है। यह सुनवाई एडीजे कोर्ट संख्या-4 और गैंगस्टर कोर्ट दोनों में होनी थी।
हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव में आठ अप्रैल 2025 को वर्चस्व की रंजिश में भाकियू टिकैत गुट के किसान नेता विनोद सिंह (45), उनके भाई अनूप सिंह (40) और अनूप के पुत्र अभय प्रताप सिंह (21) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सामूहिक हत्याकांड के बाद अनूप सिंह की पत्नी मनीषा सिंह की पुलिस को तहरीर दी थी।
तब पुलिस ने गांव के पूर्व प्रधान सुरेश उर्फ मुन्नू सिंह, उनके पुत्र पीयूष सिंह, भूपेंद्र, सज्जन, विवेक और जान उर्फ विपुल के खिलाफ हत्या, बलवा सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। फिर सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। मामले की सुनवाई एडीजे कोर्ट संख्या-4 में हत्या के मुकदमे तथा गैंगस्टर कोर्ट में गैंगस्टर एक्ट के प्रकरण में चल रही है।
इससे पहले 16 जुलाई को भी सुनवाई निर्धारित थी पर गैंगस्टर कोर्ट में अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता के निधन पर शोक के कारण कार्रवाई स्थगित कर दी गई थी। मंगलवार को भी सुनवाई आगे बढ़ाते हुए अदालत ने दोनों मामलों की अगली तारीख 14 अगस्त तय की है। तब तक सभी पक्षों को न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।