फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव के चर्चित तिहरे हत्याकांड में शनिवार को एडीजे कोर्ट संख्या-4 में सुनवाई नहीं हो सकी। त्योहार के चलते गवाहों और आरोपियों के अदालत में उपस्थित नहीं होने से सुनवाई टाल दी गई।
न्यायाधीश चेतना चौहान की अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 16 नवंबर की तारीख तय की है। मामले में गैंगस्टर एक्ट और एडीजे कोर्ट में अलग-अलग सुनवाई चल रही है। सभी आरोपी कौशाम्बी जेल में बंद हैं।
बता दें कि आठ अप्रैल 2025 को वर्चस्व की रंजिश में अखरी गांव में भाकियू टिकैत गुट के किसान नेता विनोद सिंह (45), उनके भाई अनूप सिंह (40) और अनूप के बेटे अभय प्रताप सिंह (21) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने पूर्व प्रधान सुरेश उर्फ मुन्नू सिंह, उनके बेटे पीयूष सिंह, भूपेंद्र, सज्जन, विवेक और जान उर्फ विपुल के खिलाफ हत्या, बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
मारपीट के दोषी पर एक हजार रुपये का अर्थदंड
फतेहपुर। एसीजेएम कोर्ट तीन के न्यायाधीश ने मारपीट के मामले में दोषी जुम्मन शाह को शनिवार को एक हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सरकी गांव निवासी जुम्मन शाह को न्यायालय उठने तक की अवधि की सजा भी सुनाई गई है। गाजीपुर पुलिस ने वर्ष 2017 में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।