किशनपुर में सूअरों की मौत को लेकर जांच करते सीवीओ हरिशंकर वर्मा व अन्य डाक्टर। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
किशनपुर। पिछले चार दिनों में 70 सूअरों की मौत से पशु पालकों में दहशत है। दवा देने पर भी 10 और सूअर दम तोड़ चुके हैं। गुरुवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कई डॉक्टरों की टीम लेकर किशनपुर पहुंचे। इसके बाद एक मरे सूअर को लाकर विजयीपुर पशु अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। जिंदा सूअरों का ब्लड सैंपल लिया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरिशंकर वर्मा गुरुवार को धाता, छिवलहा, खखरेरू और विजयीपुर पशु अस्पताल के डॉ. देवेंद्र सिंह व कर्मचारियों को लेकर किशनपुर पहुंचे। उन्होंने वार्ड नंबर चार, छह और नई बस्ती में सूअरों की मौत की जांच की। मृत सूअर का ब्लड, किडनी, बड़ी आंत का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। डॉक्टरों ने बीमार सूअरों की जांच कर दवा दी है। हालांकि जिन सूअरों को पिछले दो दिन से दवा दी जा रही थी, उन सभी की मौत हो चुकी है। मरे सूअरों को सफाई कर्मी कस्बे से दूर ले जाकर दफना रहे हैं।