औंग। मलवां ब्लॉक के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र औंग में पानी का संकट है। मरीजों को दवा खाने के लिए दो घूंट पानी मुहैया नहीं है।
एक साल से अस्पताल में पानी की समस्या है। निर्माण के साथ ही अस्पताल में पानी की टंकी व सबमर्सिबल लगा था, जो अब कबाड़ हो चुका है। अस्पताल में सरकारी हैंड पंप भी नहीं है। अस्पताल भवन से जुड़ी पानी की टंकी है। अस्पताल में टोंटी लगी हुई है, लेकिन पानी की टंकी से पानी आपूर्ति की लाइन हाईवे चौड़ीकरण में क्षतिग्रस्त हो गई है। अस्पताल में आयुर्वेदिक अस्पताल भी संचालित है। एंबुलेंस स्टॉफ भी अस्पताल में ही रहता है। सभी को पानी की समस्या से दो चार होना पड़ रहा। तत्कालीन राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने अस्पताल का मुआयना किया था। मरीजों ने पानी की समस्या से अवगत कराया था। अब तक समस्या जस की तस है। प्रभारी चिकित्साधिकारी अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कई बार खंड विकास अधिकारी व स्वास्थ्य महकमे के उच्चाधिकारियों को पानी की समस्या बताई गई, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ।