सदर अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं की हकीकत से शुक्रवार को हाकिम रूबरू हुए। बंद पड़ी नई अल्ट्रासाउंड मशीन, नदारद रेडियोलाजिस्ट, परिसर में गंदगी, डायबिटीज की जांच के लिए कंडम हो चुकी सेमी आटो एनेलाइजर मशीन देखकर डीएम ने सीएमएस से लेकर विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम राकेश कुमार ने शुक्रवार को सदर अस्पताल व जिला महिला अस्पताल का दौरा किया। नई कलर अल्ट्रासाउंड मशीन के न चलने और रेडियोलाजिस्ट के गायब रहने पर सीएमएस से जवाब तलब किया। सीएमएस ने रेडियोलाजिस्ट डा. मनु गोपाल के हफ्ते में एक बार ड्यूटी पर आने की शिकायत की। डीएम ने पैथालाजी विभाग में शुगर की जांच न होने पर सवाल-जवाब किया। पता चला कि सेमी आटो एनेलाइजर मशीन ही कंडम हो चुकी है।
अमर उजाला में आठ मई के अंक में पेज नंबर दो में प्रकाशित ‘ शुगर व टाइफाइड की जांच तक के लाले’ व 14 मई के अंक में पेज नंबर दो पर प्रकाशित ‘हफ्ते भर से अल्ट्रासाउंड की जांच ठप’ को संज्ञान में लेकर डीएम राकेश कुमार ने पौने घंटे के दौरे में सरकारी इलाज की पड़ताल की। सदर अस्पताल की ओपीडी व आईपीडी की सेवाओं का हाल लेने के साथ जांचों का सच जाना। पैथालाजी विभाग पहुंचे डीएम को शुगर जांचने वाली सेमी आटो एनालाइजर मशीन के काम न करने की जानकारी मिली। सीएमएस डा. एके मिश्रा ने बताया कि मशीन का 10 साल पुराना पार्ट न मिलने से यह मशीन कंडम हो चुकी है। नई मशीन मंगाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके बाद डीएम ने ब्लड बैंक यूनिट के रजिस्टर पलटे। जिस पर 12 यूनिट ब्लड मिला। इसे नाकाफी मानते हुए और इंतजाम करने को कहा। यहां से रेडियोलाजी विभाग में आई नई अल्ट्रासाउंड कलर मशीन के काम न करने की जानकारी मांगी। सीएमएस ने बताया कि तकनीकी समस्या से मशीन का उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस समस्या को जल्द दूर करने के निर्देश देने के बाद डीएम ने जिला महिला अस्पताल देखा।
इंसेट
डीएम ने गैस पाइप का दिया आश्वासन
फतेहपुर। सदर अस्पताल के निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर के चालू होने में गैस पाइप लाइन न होने की वजह भारत सरकार की गाइडलाइन में इसके लिए बजट न होना बताया गया। सीएमएस की इस जानकारी पर डीएम ने अपने स्तर से गैस पाइप लाइन की फिटिंग कराने का आश्वासन दिया।